भारत की जमकर तारीफ, UCC की बहस के बीच क्या बोले मुस्लिम वर्ल्‍ड लीग के महासचिव

नई दिल्ली: सऊदी अरब के टॉप लीडर और मुस्लिम वर्ल्‍ड लीग के महासचिव डॉ. मोहम्मद बिन अब्दुलकरीम अल-ईशा ने भारत की जमकर तारीफ की है। अब्दुलकरीम अल-ईशा ने कहा कि भारत में रहने वाले मुस्लिम समुदाय को अपनी राष्ट्रीयता पर गर्व है कि वे भारतीय नागरिक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान ने मानवता के लिए बहुत योगदान दिया है। अब्दुलकरीम अल-ईशा ने मंगलवार को भारत की एकता और देश के भीतर मुस्लिम समुदाय की राष्ट्रीय गौरव की भावना की सराहना की। नई दिल्ली में इंडिया-इस्लामिक कल्चरल सेंटर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भारत में रहने मुस्लिमों को अपनी राष्ट्रीयता और अपने संविधान पर गर्व है। अब्दुलकरीम अल-ईशा के भारत आने की चर्चा काफी दिनों से हो रही थी।अब्दुलकरीम अल-ईशा ने मानवता के लिए भारत के योगदान को भी स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि हमने भारतीय ज्ञान के बारे में बहुत कुछ सुना है। हम जानते हैं कि शांतिपूर्ण ढंग से सह-अस्तित्व में रहना हमारा एक साझा उद्देश्य है। उदारवादी इस्लाम की अंतरराष्ट्रीय आवाज माने जाने वाले डॉ.अब्दुलकरीम अल-ईशा ने कहा कि भारतीय समुदाय अपनी विविधता के साथ न केवल शब्दों बल्कि जमीनी स्तर पर भी सह-अस्तित्व का एक महान मॉडल है। हम भारत के प्रयासों की सराहना करते हैं। अब्दुलकरीम अल-ईशा 10 जुलाई को पांच दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं।अब्दुलकरीम अल-ईशा की ओर से भारत की तारीफ किए जाने के जवाब में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार NSA अजीत डोभाल जो इस कार्यक्रम में मौजूद थे उन्होंने कहा कि मुस्लिम वर्ल्ड लीग के महासचिव की ओर से दिया गया संदेश मानवता की रक्षा के लिए काफी महत्वपूर्ण है। अजीत डोभाल ने अब्दुलकरीम अल-ईशा की तारीफ करते हुए कहा कि दुनिया के धर्मों के बारे में आपकी गहरी समझ है।अजीत डोभाल ने कहा कि हिंदुस्तान में कोई धर्म खतरे में नहीं है। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं। भारत सभी मामलों के हल के लिए सहनशीलता, संवाद और सहयोग को बढ़ावा देता है। भारत में सभी को बराबर का हक है।अजीत डोभाल ने कहा कि भारत कई दशकों से आतंकवाद का शिकार रहा है। देश ने 2008 (मुंबई हमले) सहित कई आतंकवादी हमलों का सामना किया है।